Showing posts with label Dilli nagar nigam. Show all posts
Showing posts with label Dilli nagar nigam. Show all posts

Tuesday, February 19, 2013

महापौर ने जारी किये मानसून की तैयारियों के लिए विशेष निर्देश


हर 15 दिन में महापौर करेंगी नालो-नालियों के सफाई कार्यो की समीक्षा, पीडब्लूडी  के नालो की सफाई के लिए दिल्ली सरकार पर डालेंगे दबाव 

प्रदेश अध्यक्ष श्री विजय गोयल ने कल मीटिंग में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही थी 


19 फ़रवरी  2013, पूर्वी दिल्ली नगर निगम 


पूर्वी दिल्ली नगर निगम की महापौर डॉ अन्नपूर्णा मिश्रा ने आज निगमायुक्त को पत्र लिखकर मानसून के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश जारी किये है। 

पत्र में महापौर महोदय ने लिखा है कि पूर्वी दिल्ली में सभी नालो एवं नालियों की सफाई का कार्य समय रहते शुरू होना चाहिए जिससे कि मानसून से पहले सफाई का कार्य पूरा कर लिया जाये।

महापौर डॉ मिश्रा ने कहा है कि वह स्वयं हर 15 दिनों में नालो व नालियों के सफाई कार्यो की समीक्षा करेंगी व इस सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की कोताही व देरी को स्वीकार नहीं किया जायेगा। 

उल्लेखनीय है कि कल पूर्वी दिल्ली नगर निगम के निगम पार्षदों से मीटिंग के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विजय गोयल ने सभी निगम पार्षदों को सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा था। श्री विजय गोयल ने कहा था कि जनता ने जो जिम्मेदारी हमें सौपी है हमें उसे बेहतर तरीके से निभा कर दिखाना होगा। 

प्रदेश अध्यक्ष द्वारा  किये आह्वान को ध्यान में रखते हुए पूर्वी दिल्ली की महापौर डॉ अन्नपूर्ण मिश्रा ने इस बार पूर्वी दिल्ली में मानसून के दौरान जल भराव न हो इसके लिए न केवल नगर निगम के अधिकारीयों को त्वरित कार्य करने के निर्देश दिए है वही साथ में ये निर्णय भी लिया  है कि पिछली बार की तरह पीडब्लूडी द्वारा अपने नालो की सफाई न किये जाने से जो समस्या उत्पन्न हुयी थी वो दुबारा न होने पाए इसके लिए पीडब्लूडी के नालो की भी समय रहते सफाई सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सरकार पर भी दबाव डाला जायेगा। 

Tuesday, February 5, 2013

निगम विद्यालयों में नहीं कर सकेंगे प्रवेश से इनकार, शिक्षा के अधिकार को लागू करने की दिशा में ठोस निर्णय

निगम विद्यालयों में नहीं कर सकेंगे प्रवेश से इनकार,  शिक्षा के अधिकार को लागू करने की दिशा में ठोस निर्णय 

- बच्चे का दाखिला उनकी आयु के हिसाब से संबन्धित क्लास में किया जाएगा और किसी प्रकार का टेस्ट नहीं लिया जायेगा

- निवास या बच्चे के जन्म प्रमाण पत्र के लिए नहीं होगी एफिडेविट की आवश्यकता 
- महापौर ने दिया सभी निगम विद्यालयों के बाहर स्पष्ट  सूचना लिखने के निर्देश 



5 फ़रवरी 2013, पूर्वी दिल्ली नगर निगम

पूर्वी दिल्ली नगर निगम की महापौर डॉ अन्नपूर्णा मिश्रा ने आज शिक्षा के अधिकार कानून को पूर्वी दिल्ली में लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण व ठोस प्रयास करते हुए विशेष निर्देश जारी किये है।

निगमायुक्त व शिक्षा निदेशक को दिए निर्देश में महापौर ने कहा है कि शिक्षा के मौलिक अधिकार कानून के तहत किसी भी छात्र को इस आधार पर प्रवेश देने से इनकार नहीं किया जा सकता कि  परिजनों के पास जन्म प्रमाण पत्र या निवास प्रमाण पत्र नहीं है।                          

"पारदर्शिता" संस्था द्वारा महापौर कार्यालय में दी गयी सूचना के अनुसार निगम के कई विद्यालयों में जन्म या निवास प्रमाण पत्र के ना होने के कारण कई बच्चो को प्रवेश देने से इनकार कर दिया  है या फिर उनके परिजनों से जन्म व निवास प्रमाण हेतु एफिडेविट देने के लिए कहा जाता है।

महापौर ने अपने निर्देश में स्पष्ट कहा है कि ये प्रक्रिया ये शिक्षा के मौलिक अधिकार के कानून के विरूद्ध है व इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।  

इस सम्बन्ध में सूचना मिलने के साथ ही महापौर महोदया ने निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा से चर्चा कर ये निर्णय लिया है कि  पूर्वी दिल्ली में निगम के सभी विद्यालयों के बाहर विशेष सूचना पट लगाकर शिक्षा के मौलिक अधिकार के तहत प्रवेश की जानकारी स्पष्ट रूप से लिखी जाये।

उल्लेखनीय है कि 2009 में पास इस कानून के तहत 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चो को नि:शुल्क व अनिवार्य शिक्षा का मौलिक अधिकार दिया गया है।

महापौर महोदया के इस निर्णय से अनधिकृत कालोनियों व गरीब परिवारों के उन लाखो परिवारो  के बच्चो को सीधा लाभ मिलेगा जो जन्म या निवास प्रमाण पत्र के आभाव में शिक्षा से वंचित रह जाते है।    

महापौर डॉ अन्नपूर्णा मिश्रा ने अपने निर्देश के साथ विद्यालयों में लगाये जाने वाली सूचना का नमूना भी जारी किया है, जिसका विवरण इस प्रकार है 
:-

"शिक्षा का अधिकार 2009 के तहत 6 से 14 वर्ष के आयु  के सभी बच्चों को स्कूल में दाखिला मिलने व शिक्षा पाने का अधिकार है। दाखिले के लिए किसी भी बच्चे को मना नहीं क्या जाएगा, बच्चे का दाखिला उनकी आयु के हिसाब से संबन्धित क्लास में किया जाएगा और किसी प्रकार का टेस्ट नहीं लिया जायेगा।


दाखिले के लिए निवास प्रमाण पत्र व बच्चे के जन्म प्रमाण के लिए निम्नलिखित दस्तावेज़ आप जमा कर सकते हैं:

निवास का प्रमाण (कोई एक दस्तावेज):

·    बिजली/पानी/टेलीफ़ोन का बिल, राशन कार्ड, चुनाव पहचान पत्र या आधार कार्ड


बच्चे के जन्म का प्रमाण (कोई एक दस्तावेज़):

·   जन्म प्रमाण पत्र, अस्पताल /नर्स के रजिस्टर का रिकॉर्ड या आंगनवाड़ी रिकॉर्ड

यदि किसी अभियावक या माता-पिता के पास निवास या बच्चे के जन्म का कोई प्रमाण नहीं है तो ऐसे अभिभावक या माता पिता एक सादे कागज़ पर अपने बच्चे की जन्म तिथि लिख कर घोषणा कर सकते हैं। स्टांप पेपर पर किसी प्रकार के एफ़िडेविट जमा करने की आवश्यकता नहीं है।"

पूर्वी दिल्ली में नगर निगम के लगभग 400 विद्यालय है और पूर्वी दिल्ली के लाखो परिवारों के लिए बच्चो की शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगम विद्यालत ही एकमात्र माध्यम है।
     
इस अवसर पर पूर्वी दिल्ली की महापौर डॉ अन्नपूर्णा मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में शिक्षा के स्तर में सुधार के लिए कई प्रयास किये जा रहे है, इनमे निगम के सभी विद्यालयों के पक्के भवनों का निर्माण, सभी विद्यालयों के कंप्यूटर कक्ष, पुस्तकालय इत्यादि बुनियादी  के साथ साथ शिक्षको को नियुक्ति ली प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है।

Monday, January 21, 2013

पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने शुरू किये रेहड़ी पटरी वालो के लिए पहचान पत्र


महापौर ने किया अभियान का शुभारम्भ, पहचान पत्र दिलाएगा सम्मान व सुरक्षा 
license.JPG

पूर्वी दिल्ली नगर निगम, 21जनवरी 2013

पूर्वी दिल्ली नगर निगम की महापौर डॉ अन्नपूर्णा  ने आज "रेहड़ी - पटरी" और साप्ताहिक बाज़ार लगाने वाले हाकरो को विशेष पहचान पत्र देने के कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
इसके लिए पूर्वी दिल्ली नगर निगम के मुख्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमे समूचे पूर्वी दिल्ली के विभिन्न स्थानों से आये 96 हाकरो को पहचान पत्र दिए गए। 

कार्यक्रम में निगम में सदन के नेता श्री बी बी त्यागी, उपमहापौर श्रीमती उषा शास्त्री, स्थायो समिति के अध्यक्ष श्री महकसिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती लता गुप्ता, निगम के तहबाजारी एवं लाइसेंसिंग समिति के अध्यक्ष श्री सुनील झा, वर्क्स कमिटी की अध्यक्ष श्रीमती सत्या शर्मा, निगम के आयुक्त श्री एस एस यादव, निगम के  दोनों क्षेत्रीय निगम उपायुक्त श्री अमज़द टांक एवं श्री विजय विधूड़ी, पूर्वी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रो से आये सैकड़ो हाकर व रेहड़ी पटरी संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।  

इस  पर उपस्थित हाकरो को संबोधित करते हुए महापौर डॉ अन्नपूर्णा मिश्रा  ने कहा कि बरसो से इन हाकरो का प्रशासनिक और स्थानीय माफिया द्वारा उत्पीडन व शोषण किया जाता रहा है, जिस पर इस विशिष्ट पहचान पत्र के बाद अंकुश लगेगा। साथ ही जो लोग मेहनत कर ईमानदारी से अपना जीवन यापन करने के बावजूद भी सुरक्षा और सम्मान से वंचित थे उनको स्वाभिमान और सम्मान से अपना व्यापार करने का मौका निगम के इस कदम से मिलेगा।

डॉ मिश्रा ने साथ ही कहा कि पूरी जांच परख के बाद निगम के उपायुक्त के द्वारा हस्ताक्षरित इस पहचान पत्र से सुरक्षा के नाम पर आये दिन आने वाली दिक्कतों से हाकरो को निजात मिलेगी, इतना ही नहीं इस व्यवस्था से निगम को राजस्व की प्राप्ति भी होगी। 

डॉ मिश्र ने बताया की हाकरो के लिए विशेष पहचान पत्र का संकल्प चुनाव से पहले घोषणा पत्र का अहम् हिस्सा था, जिसे पूरा कर हमने आज जनता के प्रति अपने एक और कर्तव्य का निर्वहन किया है। 

उन्होंने हाकरो से आह्वान किया की अधिक से अधिक हाकर इस कार्यक्रम से जुड़े और निगम में पंजीकरण करा कर इस योजना का लाभ उठाये।

इस अवसर पर निगम की तहबाजारी एवं लाइसेंसिंग समिति के अध्यक्ष श्री सुनील झा ने बताया कि हाकर जीवन में सिर्फ एक बार एक हज़ार रूपये का शुल्क देकर निगम में पंगीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण कराने के बाद इन व्यापारियों को पुलिस और अन्य प्रकार के शोषण से मुक्ति मिलेगी और साथ ही उनकी अपनी एक विशिष्ट पहचान भी बनेगी 

उन्होंने बताया की स्वयं एक हाकर होने के नाते मुझे ऐसे व्यापारियों की मुश्किलों की जानकारी है और इसीलिए महापौर महोदया  के साथ मिलकर इस कार्यक्रम को शीघ्र शुरू करने के लिए प्रयास किये गए। 

Tuesday, July 3, 2012

पूर्वी दिल्ली की मेयर ने किया न्यू अशोक नगर का औचक दौरा

पूर्वी दिल्ली की मेयर ने किया न्यू अशोक नगर का औचक दौरा
बिना बताये पहुंची महापौर, गन्दगी देख निगमायुक्त को फ़ोन कर अधिकारियों को किया तलब
अधिकारियों को दी तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने की हिदायत 

३ जुलाई २०१२, पूर्वी दिल्ली नगर निगम

पूर्वी दिल्लीकी महापौर डॉ. अन्नपूर्णा मिश्रा ने आज सुबह न्यू अशोक नगर वार्ड न. २१२ का औचक दौरा किया. दौरे के दौरान क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की स्थिति देखकर महापौर डॉ. मिश्रा ने तत्काल निगम अधिकारियों को दल बल सहित क्षेत्र में आने का निर्देश दिया. इस अवसर पर डॉ मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी की सफाई व्यवस्था में किसी तरह की कोताही नहीं बर्दाश्त की जाएगी.

उल्लेखनीय है की गत २२ मई को  महापौर, निगमायुक्त, उपायुक्त एवं कई वरिष्ठ अधिकारियों ने इसी क्षेत्र में दौरा किया था व दौरे के दौरान सफाई व्यवथा में खामी पाए जाने व सफाई कर्मचारियों के अनुपस्थित होने के कारण आयुक्त महोदय ने दो अधिकारियों को बर्खास्त करने का आदेश भी दिया था. साथ ही उपायुक्त व अन्य अधिकारियों को क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को चाक-चोबंद करने का निर्देश भी आयुक्त महोदया ने दिया था.  

क्षेत्र का दौरा करते हुए जब महापौर महोदया ने पाया की क्षेत्र में नालियों में गन्दगी भरी हुई है तथा जगह जगह कूड़े के ढेर लगे है तो उन्होंने तत्काल सफाई निरीक्षक व अधीक्षक को तलब किया. 
डॉ. मिश्रा ने सभी कर्मचारियों व कूड़ा उठाने के चल रहे ऑटो टिपर व बुग्गियों को भी एक स्थान पर लाने का निर्देश दिया. 

सफाई व्यवस्था की लचर स्थिति को देखते हुए महापौर महोदया ने तत्काल निगमायुक्त को फ़ोन किया व उनसे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को तुरंत सुधारने के निर्देश दिए. महापौर महोदया ने निगमायुक्त से कहा की जब तक क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हो जाती तब तक वो अशोक नगर क्षेत्र में ही रुकेंगी. 

तपती धुप व गर्मी के बीच ही  डॉ. मिश्रा ने न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के पास ही स्थानीय चौक पर अधिकारियों का इंतज़ार शुरू कर दिया. कुछ ही देर में वहां निगम के सफाई अधिकारियों ने आना शुरू कर दिया. 
यह देखकर सफाई अधीक्षक व सफाई निरीक्षक ने सभी सफाई कर्मचारियों व ऑटो टिपर तथा बुग्गियों से क्षेत्र में कूड़ा उठवाने का काम शुरू करवा दिया. 

निगम आयुक्त के निर्देश पर निगम उपायुक्त अलका शर्मा ने न्यू अशोक नगर वार्ड में पहुँच कर महापौर डॉ. अन्नपूर्णा मिश्रा से मिलकर कहा की वह तुरंत ही क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का प्रयास करेंगी. निगम उपायुक्त व सफाई अधीक्षक ने दो दिन के भीतर ही वार्ड में सफाई व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया. 
महापौर डॉ. मिश्रा ने इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों से भी बात की, उन्होंने कहा की सफाई कर्मचारी ही निगम की पहचान है और उन पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम को विशेष पहचान देने की जिम्मेदारी है. डॉ. मिश्रा ने सफाई कर्मचारियों से कहा की यह सच्चाई है की क्षेत्र में सफा कर्मचारियों की संख्या पर्याप्त नहीं है परन्तु मिल जुल कर एक आदर्श साफ सुथरा वार्ड बनाने का प्रयास सभी को करना होगा. 

महापौर डॉ. मिश्रा के मुताबिक उनके पास पिछले कुछ दिनों से न्यू अशोक नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के लचर होने की शिकायते आ रही थी. फेसबुक पर भी अनेक नागरिको ने इस सम्बन्ध में शिकायत दर्ज कराइ थी. इसी के मद्देनज़र आज सुबह उन्होंने इस वार्ड में आकर सफाई व्यवस्था का जायजा लेने का निर्णय लिया. डॉ. मिश्रा ने कहा की "क्षेत्र में प्रवेश करते ही जगह जगह पर कूड़े के ढेर व नालियों में गन्दगी देखकर उनको चिंता हुई की आयुक्त महोदय व वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के बावजूद अगर सफाई ठीक से नहीं होगी तो जनता आखिर कहा जाएगी." डॉ. मिश्रा ने आगे कहा की, "सभी अधिकारियों को मोंसून से पहले नालियों व नालो की सफाई करने का निर्दश दिया गया था, अब वह सभी स्थानों पर जाकर नालियों- नालो व सफाई व्यवस्था का निरिक्षण करती रहेंगी." 

इस दौरान स्थानीय निगम पार्षद निक्की सिंह व कई आर डब्लू ए के पदाधिकारी भी उपस्थित थे.

Wednesday, September 17, 2008

Annual Work Review

वार्षिक कार्य विवरण

विगत एक वर्ष मे निगम पार्षद कि भूमिका मे संपादित कार्य विवरण :

१. पार्षद के रूप मे शपथ के कुछ ही दिनों के भीतर क्षेत्र मे महापौर का दौरा सुनिश्चित किया, सोनिया विहार क्षेत्र मे पहली बार महापौर का आगमन हुआ तथा सोनिया विहार क्षेत्र निगम आधिकारियो कि प्राथमिकता सूची मे आया
२. महापौर को क्षेत्र कि समस्यों से अवगत कराया तथा क्षेत्र कि समस्यों के निपटारे के लिए महापौर द्वारा समयबद्ध कार्ययोजना की घोषणा
३. क्षेत्र कि सबसे गंभीर समस्या पानी कि निकासी कि समस्या है - निगम पार्षद के रूप मे सबसे बड़ी प्राथमिकता के तौर पर पानी निकासी कि समस्या को उठाया तथा क्षेत्र में पानी निकासी हेतु पम्प हाउस कि योजना स्वीकृत करवाई.
यहाँ मै ये तथ्य स्पष्ट करना चाहती हूँ की कालोनी के २० वर्षो के इतिहास में मै पहली जनप्रतिनिधि हूँ जिसने क्षेत्र में पानी की निकासी की समस्या के निदान के लिए प्रयास किये तथा पम्प हाउस के निर्माण को सुनिश्चित करने के लिए निरंतर संघर्ष किया .
४. मेरे निरंतर प्रयासों, महापौर महोदया की कोशिशों एवं अधिकारियो के साथ हुयी दर्ज़नों मीटिंगों के परिणाम स्वरुप सोनिया विहार मे विकास कार्य हेतु कार्य किया तथा क्षेत्र के लिए “Y” head से ३ करोड़ रूपये का फंड स्वीकृत करवाया . इस फंड का इस्तेमाल क्षेत्र में गलियों तथा नालियों के निर्माण के लिए किया जा रहा है
५.पूर्व मे सोनिया विहार के केवल १०० व्यक्तियों को निगम से पेंशन प्राप्त होती थी, पार्षद बनते ही तेजी से लोगो कि पेंशन बनवाई तथा वर्तमान मे लगभग ३५० व्यक्तियों को पेंशन स्वीकृत हो चुकी है तथा २०० अन्य व्यक्तियों कि स्वीकृति कि प्रक्रिया जारि है . इस बार कुल ५५० व्यक्तियों को निगम के द्वारा पेंशन दी जायेगी.
६. मेरे क्षेत्र मे बदरपुर खादर नमक एक गाँव भी शामिल किया गया जहाँ सड़क, पानी, बिजली, स्कूल जैसी कोई भी सुविधा नहीं थी. पूर्णत: मुस्लिम आबद्दी का यह क्षेत्र वर्षो से उपेक्षा का शिकार था. पार्षद बनते ही क्षेत्र कि जनता से सीधा संपर्क स्थापित किया तथा विकास कार्य शुरू करवाया. आज क्षेत्र मे सड़क निर्माण कार्य हो चूका है तथा शीघ्र ही क्षेत्र मे बिजली आपूर्ति सुनिचित हो जाये इस दिशा मे प्रयास जारि है.
७. "निगम पार्षद आपके द्वार" कि अवधारणा पर चलते हुए क्षेत्र मे १५ स्थानों पर कार्यालय स्थापित किये तथा सुनिचित किया कि किसी भी स्थान से निकटतम कार्यालय पैदल २० मिनट से ज्यादा दूर न हो.
८. क्षेत्र मे सफाई कर्मचारियो कि संख्या केवल १२ है जबकि आवश्यकता कम से कम ४०० कर्मचारियों कि है, सफाई कि स्थिति आत्यंत गंभीर रही, तथापि पार्षद बन जाने के बाद चार बार क्षेत्र कि सफाई हेतु विशेष गैंग को क्षेत्र मे लगवाया तथा संगठन के मंडल पदाधिकारियों द्वारा इंगित स्थानों के आधार पर सफाई सुनिश्चित करवाई.
९. शीघ्र ही क्षेत्र में सफाई हेतु कुछ अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित होने की सम्भावना है. इस सम्बंध में मेरी महापौर महोदया सुश्री आरती महरा जी एवं नेता सदन श्री सुभाष आर्य जी से भी मुलाकाते हुयी है. शीघ्र ही क्षेत्र में ५०-६० अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति की जायेगी, ऐसी उपलब्धि सुनिश्चित करने वाली मै क्षेत्र की पहली जन प्रतिनिधि हूँ.
१०. क्षेत्र मे जिन गलियों का निर्माण अभी लंबित है अथवा कुछ समय बाद होना है, वहां निवासियों को तुंरत राहत पहुचने हेतु मलबा द्वरा भराई सुनिश्चित की
११. क्षेत्र मे निवासो मे घरेलु उपयोग हेतु बिजली कनेक्शन कि प्रक्रिया तीव्र करवाने हेतु प्रयास किये तथा लगभग २५० आवासों मे बिजली कनेक्शन सुनिश्चित किये
१२. आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों को मेडिकल सहायता कि स्थिति मे निगम के हस्पतालों मे समुचित इलाज़ सुनुश्चित करने हेतु स्वयं चिकत्सा अधिकारियो से संवाद स्थापित किया
१३. क्षेत्र मे निगम के द्वारा मोबाइल क्लीनिक को सुचारू रूप से आना सुनिश्चित किया
१४.क्षेत्र मे मलेरिया अथवा डेंगू से बचाव सुनिश्चित करने हेतु नियमित छिडकाव तथा क्लोरिन वितरण
१५.क्षेत्र मे बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण का कार्य आरम्भ किया
१६. क्षेत्र के कूड़ा के निपटारे के लिए डलाव हेतु भूमि अधिग्रहण कि प्रकिया प्रारम्भ की
१७. क्षेत्र के विकास कि कई योजनाये आरंभ करवाई जिनका क्रियान्वन आगामी कुछ वर्षो मे प्रारंभ हो जायेगा
१८. क्षेत्र मे कई जगहों पर पानी जमा हो जाने से भयावह स्थिति उत्पन्न हो जाती है, 25 से अधिक स्थानों पर विशेष सक्शन मशीन द्वारा पानी निकासी सुनिश्चित की.
४. भविष्य की परियोजनाओ का विवरण:
१. सोनिया विहार मे पानी निकासी हेतु पम्प हाउस
२. सभी गलियों का निर्माण
३. प्राथमिक स्कूल भवन का जीर्णोधार एवं विस्तार
४. बदरपुर खादर गाँव मे बिजली व्यवस्था
५. पुर गाँव मे सड़क निर्माण
६. क्षेत्र मे कम से कम दो पार्को का निर्माण
७. क्षेत्र मे कम्युनिटी हॉल एवं डिस्पेंसरी का निर्माण, जिसके लिए भूमि की पहचान भी कर ली गयी है